भगवान नरसिंह की रंगभरी शोभायात्रा में CM योगी बोले- ‘UP भारत की आत्मा है’

गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को होली के पावन महापर्व पर घंटाघर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और श्री होलिकोत्सव समिति की ओर से निकलने वाली भगवान नरसिंह की रंगभरी शोभायात्रा के शुभारंभ अवसर पर विशाल जनसमूह को संबोधित किया.

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की आत्मा है और मर्यादा, जीवंतता, भक्ति और समरसता का बोध कराने वाले सभी प्रमुख विरासत स्थल इसी प्रदेश में हैं.

अयोध्या से प्रयागराज तक-सनातन की शक्ति

सीएम योगी ने कहा कि भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या जीवन में मर्यादा का एहसास कराती है. महादेव की नगरी काशी जीवन की शाश्वत चेतना और जीवंतता का प्रतीक है. भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा-वृंदावन भक्ति के आनंद की धरा है.

प्रयागराज में मां गंगा, यमुना और सरस्वती की त्रिवेणी समरसता का एहसास कराती है जहां बिना किसी भेदभाव के समाज के हर तबके के लोग आस्था की डुबकी लगाते हैं. उन्होंने कहा कि यह उन लोगों के लिए सबक है जो प्रदेश में जातिवाद, भेदभाव और छुआछूत का शोर मचाते हैं. कुछ क्षुद्र बुद्धि के लोगों ने समाज को कमजोर करने के लिए इस प्रकार के स्वांग रचे थे.

विरासत का संरक्षण और मोदी का नेतृत्व

सीएम योगी ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में रामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर, महाकाल लोकधाम, केदारनाथ धाम, बद्रीनाथ धाम, सोमनाथ, जगन्नाथ और रामेश्वरपुरी का भव्य स्वरूप भारत को अपनी विरासत पर गौरव की अनुभूति कराता है. यह इसलिए संभव हो सका क्योंकि भारत के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यशस्वी नेतृत्व है. इस नेतृत्व में विरासत का संरक्षण हो रहा है और एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना भी साकार हो रही है.

RSS शताब्दी वर्ष पर भारतवासियों को गर्व

सीएम योगी ने कहा कि इस वर्ष होली का पर्व इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि दुनिया के सबसे बड़े सांस्कृतिक संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष है. RSS के सानिध्य में लाखों कार्यकर्ताओं ने सनातन धर्म की परंपरा और भारत की एकता व अखंडता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया है. विजयादशमी से शुरू हुए पथ संचलन और हिंदू सम्मेलनों में समाज का हर तबका भागीदार बना लेकिन कहीं कोई अव्यवस्था नहीं हुई. उन्होंने कहा कि भारत माता को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए संकल्पित RSS पर सभी भारतवासियों को गर्व की अनुभूति होती है.

दुनिया में अशांति, भारत में उत्साह और उमंग

सीएम योगी ने कहा कि होली का यह पर्व ऐसे समय में मनाया जा रहा है जब पूरी दुनिया में अव्यवस्था, अशांति और अराजकता का वातावरण है. लेकिन भारत पीएम मोदी के नेतृत्व में उत्साह और उमंग के साथ यह पर्व मना रहा है. कहीं कोई भय नहीं, कहीं अराजकता नहीं और कहीं अविश्वास नहीं. सत्यमेव जयते और जहां धर्म वहीं जय की गूंज सर्वत्र सुनाई दे रही है.

गोरक्षपीठ समरसता और राष्ट्रीयता का प्रतीक-रमेश

इस अवसर पर RSS के प्रांत प्रचारक रमेश ने कहा कि 81 वर्ष पूर्व नानादेशमुख द्वारा गोरखपुर में शुरू की गई इस रंगभरी शोभायात्रा ने पूरे देश को व्यापक संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि गोरक्षपीठ समरसता, आत्मीयता, राष्ट्रीयता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है. सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश का तीव्र विकास हो रहा है और गोरखपुर का विकास विशेष रूप से उल्लेखनीय है.

भगवान नरसिंह की आरती, जमकर खेली होली

मंच से लोगों को होली की शुभकामनाएं देने के बाद सीएम योगी ने भगवान नरसिंह का पूजन कर विधिवत आरती उतारी. उन्हें नारियल, गुझिया के साथ फूल, रंग, अबीर और गुलाल अर्पित किया. इसके बाद सीएम योगी पूरी तरह होलीयाना मूड में आ गए और लोगों पर जमकर फूल की पंखुड़ियां, अबीर और गुलाल उड़ाए. देखते ही देखते योगी समेत समूचा जनमानस रंगों में सराबोर हो गया.

जय श्रीराम और हर हर महादेव के नारों के बीच उत्सवी उमंग आसमान पर थी. इस अवसर पर सांसद रवि किशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, RSS के प्रांत संघचालक डॉ. महेंद्र अग्रवाल समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

Posted in up